Summer express/मंडी, धर्मवीर-:मंडी-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह पनारसा के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां यात्रियों से भरा एक ट्रैवलर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना में करीब पांच लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना सुबह लगभग साढ़े सात बजे हुई। ट्रैवलर के पलटते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए मौके पर पहुंचे।लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तुरंत नगवाईं अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि दो लोगों को अधिक चोटें लगने की आशंका जताई जा रही है।हादसे की सूचना मिलते ही औट पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर यातायात को सुचारु करवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि वाहन चालक अचानक संतुलन खो बैठा, जिसके कारण ट्रैवलर सड़क पर पलट गई।हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।पुलिस वाहन चालक सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है।