गुरुग्राम में पुलिस-मुठभेड़ के बाद 5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Karuna
3 Min Read

Summer express, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-93 क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पालम विहार क्राइम ब्रांच की टीम और आरोपी के बीच हुई फायरिंग के दौरान कुल सात राउंड गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद उसे काबू कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान झज्जर निवासी 23 वर्षीय नितिन के रूप में हुई है। नितिन के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में उद्योग विहार क्षेत्र में दर्ज एक अपहरण मामले में फरार चल रहा था, जिसके चलते उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपी की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसी दौरान सेक्टर-93 इलाके में पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार बदमाश ने गिरफ्तारी से बचने के लिए चार राउंड गोलियां चलाईं।

मुठभेड़ के दौरान आरोपी की एक गोली क्राइम ब्रांच के एक जवान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन राउंड फायर किए। पुलिस की एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध हथियार और चोरी की बाइक भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल वह वारदातों को अंजाम देने और फरारी के दौरान कर रहा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य आपराधिक मामलों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *