Summer express, फरीदाबाद , अनिल मंगला I फरीदाबाद में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों और फार्म हाउसों पर डीटीपी इंफोर्समेंट विभाग की ओर से लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज गांव मलेरना की राजस्व संपदा क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर टीम ने बुलडोजर चलाकर तोड़फोड़ अभियान चलाया।
डीटीपी इंफोर्समेंट यजन चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में जहां-जहां भूमाफियाओं द्वारा अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं, वहां लगातार कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से अवैध निर्माणों के खिलाफ दो स्तरों पर कार्रवाई की जाती है—मौके पर तोड़फोड़ और संबंधित कॉलोनाइजर एवं भूमि मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराना।
उन्होंने बताया कि कई कॉलोनाइजरों के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीटीपी इंफोर्समेंट ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट, दुकान या जमीन खरीदने से बचें, क्योंकि ऐसी कॉलोनियों में तोड़फोड़ होने पर आम लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि जमीन खरीदने से पहले नागरिक संबंधित कॉलोनी की वैधता की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। इसके लिए लोग डीटीपी इंफोर्समेंट कार्यालय में आकर भी जानकारी ले सकते हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि शहरी विकास नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।