Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: दिवाली पर अपने घरों को लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के हमीरपुर डिपो ने विशेष तैयारियां की हैं। त्योहार के दौरान बसों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए निगम ने दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी समेत विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत 6 और 7 नवंबर को यात्रियों के लिए विशेष बसों की व्यवस्था रहेगी, ताकि लोगों को घर पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
HRTC के डिवीजनल मैनेजर राजकुमार पाठक ने बताया कि हिमाचल के सबसे अधिक यात्री दिल्ली, चंडीगढ़ और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से अपने घरों के लिए रवाना होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए 6 नवंबर को दिल्ली से कुल 20 विशेष बसें चलाई जाएंगी। इनमें चार बसें हमीरपुर, तीन देहरा, तीन ऊना, दो नालागढ़ और आठ बसें बिलासपुर के लिए निर्धारित की गई हैं। वहीं, 7 नवंबर को भी इन रूटों पर लगभग 20 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ से भी यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां से 6 नवंबर को 27 और 7 नवंबर को 24 बसें विभिन्न रूटों पर संचालित होंगी। इन बसों के माध्यम से यात्रियों को भीड़ और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलने की उम्मीद है।पाठक ने कहा कि अधिकांश विशेष बसों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यदि यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी होती है तो मांग के अनुसार अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी। इसके अलावा दिवाली मनाने के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों के लिए 14 और 15 नवंबर को भी विशेष बसों का प्रबंध किया गया है। निगम का प्रयास है कि त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिल सके।