Summer express, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग की टीम ने तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए दो यात्रियों से 47.38 लाख रुपये मूल्य का सोना बरामद किया है। दोनों यात्री शारजाह से दिल्ली पहुंचे थे और अपने पास 999 शुद्धता वाली सोने की दो चेन छिपाकर ला रहे थे। जब्त सोने का कुल वजन 332 ग्राम बताया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, 26 अक्टूबर को टर्मिनल-3 पर ग्रीन चैनल पार करने के बाद दोनों यात्रियों की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उन्हें जांच के लिए रोका गया। शुरुआत में उनके सामान की तलाशी ली गई, लेकिन उसमें कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। इसके बाद जब यात्री डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) से गुजरे तो मशीन से तेज बीप की आवाज आई। इस पर सीमा शुल्क अधिकारियों को संदेह हुआ और उन्होंने दोनों की व्यक्तिगत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान यात्रियों के अंतर्वस्त्रों में छिपाकर रखी गई सोने की दो चेन बरामद हुईं। चेन को काले टेप और कार्बन पेपर में लपेटकर छिपाया गया था, ताकि जांच के दौरान आसानी से पकड़ में न आएं। बरामद सोने का कुल वजन 332 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 47.38 लाख रुपये आंकी गई है।
सीमा शुल्क विभाग ने दोनों चेन को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।