Summer express/पलवल -: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण रविवार को हरियाणा के खेल, कानून एवं युवा राज्य मंत्री गौरव गौतम के पलवल स्थित आवास पर किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए गौरव गौतम ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला प्रेरणादायक अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने जनहित, राष्ट्रहित और समाज से जुड़े विषयों पर चर्चा कर लोगों को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच प्रदान करते हैं।उन्होंने बताया कि इस बार के कार्यक्रम में एक पेड़ मां के नाम, लोकल फॉर वोकल, महिलाओं की आत्मनिर्भरता, देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को प्रेरित करते हैं और देश के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाते हैं।
राजनीतिक सवालों पर गौरव गौतम ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी भगवान राम की आस्था का सम्मान नहीं किया और राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वाले पक्ष में वकील खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता सब कुछ देख चुकी है और राम मंदिर का सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हुआ है।राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी प्रकरण पर उन्होंने कहा कि जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा, उसे कानून के अनुसार सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी मामले में अनियमितता या भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा शहीदों का सम्मान किया है और शहीद दिनेश कुमार का नाम वॉर मेमोरियल पर दर्ज किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।