Summer express/पलवल-:राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को पलवल में जिलेभर में पोलियो ड्रॉप पिलाने का अभियान शुरू किया गया। अभियान का शुभारंभ कैंप स्थित शहीद मदनलाल ढींगरा भवन में स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर डॉ. वीरेंद्र यादव ने रिबन काटकर किया। इस दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. सतेंद्र वशिष्ठ, उप सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार, डॉ. संजीव तंवर सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर डॉ. वीरेंद्र यादव ने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए केंद्र सरकार, हरियाणा सरकार और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) संयुक्त रूप से लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत पूरे हरियाणा में करीब 36 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रदेशभर में 17,331 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। साथ ही 34 हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मी बूथों और घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान हाई रिस्क क्षेत्रों को भी विशेष रूप से कवर किया जाएगा और इसके लिए लगभग साढ़े तीन हजार सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।
वहीं सिविल सर्जन डॉ. सतेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि पलवल जिले में इस अभियान के तहत 889 बूथों पर शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के लगभग एक लाख 52 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले दिन ही 90 प्रतिशत बच्चों को कवर करने की योजना बनाई गई है। जो बच्चे किसी कारणवश पहले दिन पोलियो की दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।उन्होंने बताया कि इसके लिए 153 मोबाइल टीमें और 1,037 घर-घर भ्रमण दल गठित किए गए हैं। इन टीमों में वैक्सीनेटर, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सुपरवाइजर शामिल हैं, जो प्रत्येक घर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी अभिभावक अपने बच्चों को समय पर पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि पलवल जिला पूरी तरह पोलियो मुक्त बना रहे।