Summer express/मंडी, धर्मवीर-:हिमाचल पुलिस में सेवाएं दे रहे मंडी पुलिस के एक जवान अजय कुमार के करीब 5 साल पहले लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि वे अपने बेटे को तलाशने के लिए पुलिस से कई बार गुहार लगा चुके हैं। लेकिन पुलिस अभी तक बेटे से उन्हें नहीं मिला पायी है। उधर, पुलिस की माने तो पुलिस एक बार पहले ही अजय कुमार को तलाश चुकी है और अब फिर से परिजनों की शिकायत पर फिर से अजय की तफ्तीश जारी है। जिसके लिए दो दिन पहले सुंदरनगर स्थित बीएसएल थाना में उसकी गुमशुदगी की भी शिकायत दर्ज की गई है।
बता दें कि अजय कुमार सुंदरनगर के अप्पर बेहली का निवासी है और 2021 में जिला के हटली थाना में अपने सेवाकाल के दौरान से गायब है। पुलिस की कार्यप्रणाली से नाखुश दर्जनों ग्रामीण आज परिजनों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे और शहर में आक्रोश रैली निकालकर पुलिस व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि करीब पांच साल से पुलिस के पास गुहार लगाते लगाते उनके कई जूते घिस गए, लेकिन अजय कुमार को पुलिस तलाश न सकी। अजय के 61 वर्षीय पिता चूड़ा राम ने मीडिया के माध्यम से उसके इकलौते बेटे को तलाशने की गुहार लगाई है। इस मौके पर परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस अपने ही जवान को तलाशने में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे दिखा रही है। जबकि अन्य विभागों में कर्मचारी के लापता होने पर यह चूक कभी भी देखने को नहीं मिलती है। ग्रामीणों ने विगत समय में इस मामले की जांच में शामिल पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।
वहीं इस मौके पर ग्रामीण व परिजन एसीटूडीसी केएस पटियाल से मिले और लापता अजय कुमार को जल्द खोजने की मांग की। इसके उपरांत ग्रामीणों ने डीसी व एसपी मंडी से भी मुलाकात की और अजय कुमार को एक सप्ताह के भीतर तलाशने की गुहार लगाई। देवभूमि क्षत्रिय संगठन स्वर्ण मोर्चा जिला अध्यक्ष परमदेव शर्मा ने बताया कि यदि एक सप्ताह के भीतर अजय का कोई सुराग नहीं मिल पाता है, वे पुलिस और जिला प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
इस पूरे मामले पर एसपी मंडी विनोद कुमार कहना है कि पुलिस पहले भी अजय कुमार को तलाश चुकी है। अब फिर से पुलिस ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए अजय कुमार की तलाशी के लिए एसआईटी का गठन किया है। पूरी जांच के बाद कुछ दिनों में सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।