Summer express, पलवल, सुंदर कुंडू। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस पार्टी पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस प्रक्रिया की निगरानी के लिए हाई लेवल कमेटी का गठन किया है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और फर्जी वोट न बन सकें।
राव नरेंद्र सिंहपलवल जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से गठित कमेटी के सदस्यों को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर तक जिम्मेदारी सौंपी गई है। बूथ एजेंटों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मतदाता सूची की प्रक्रिया पर नजर रखें और यह सुनिश्चित करें कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के वोट बनाए जाएं, जबकि मृत व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जाएं।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के वोट काटे गए, जिससे कई नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित हो गए। उन्होंने कहा कि वोट डालना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और हरियाणा में यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होनी चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोटा से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत कर युवाओं की आवाज उठाई है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में भाजपा सरकार के दौरान 90 से अधिक पेपर लीक के मामले सामने आ चुके हैं। शिक्षा व्यवस्था पर माफियाओं का कब्जा हो गया है और सरकार इस पर प्रभावी रोक लगाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के हितों के लिए प्रदेशभर में जागरूकता अभियान चला रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है।
राव नरेंद्र सिंह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बड़े-बड़े मामलों के बावजूद जिम्मेदारी तय नहीं की जाती।
राम मंदिर में कथित चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था राम मंदिर से जुड़ी हुई है और इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राम मंदिर के मुद्दे पर जनता को भ्रमित किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर आंतरिक गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है, जबकि भाजपा के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के रेवाड़ी कार्यक्रम में सत्ता पक्ष के कई मंत्री और विधायक की अनुपस्थिति भाजपा की अंदरूनी कलह को दर्शाती है।