Summer express, फरीदाबाद । हरियाणा के फरीदाबाद में एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है, जहां बदमाशों ने मुखबिरी के शक में एक युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी युवक के पीछे करीब 200 मीटर तक गाड़ी दौड़ाते रहे और फिर तेज रफ्तार वाहन से उसे टक्कर मार दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यमुनानगर सीआईए की टीम चोरी के एक मामले में आरोपी परवेज तालिम को पकड़ने के लिए फरीदाबाद पहुंची थी। बताया जा रहा है कि आरोपी को पुलिस की मौजूदगी की भनक लग गई और वह अपने साथी के साथ काले रंग की स्कॉर्पियो में मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोपहर के समय उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी बच निकलने में सफल रहा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुलिस से बचने के बाद आरोपी परवेज सीधे सिरोही गांव पहुंचा। उसे शक था कि गांव निवासी नफीस ने उसकी लोकेशन पुलिस को दी थी। आरोप है कि परवेज ने नफीस के घर में घुसकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद विवाद खेतों तक पहुंच गया।
इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर नफीस को जान से मारने की नीयत से उसके पीछे स्कॉर्पियो दौड़ा दी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खेतों और कच्चे रास्तों से गुजरते हुए युवक का पीछा करती है। जैसे ही नफीस सड़क पार करने की कोशिश करता है, आरोपी उसे जोरदार टक्कर मार देता है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक कई फीट दूर जा गिरा, जबकि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पास के एक मकान से जा टकराई। हादसे में मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में नफीस समेत तीन से चार अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है।
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल नफीस को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। धौज थाना पुलिस और सीआईए की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।