चम्बा, मंजूर पठान -: चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र में नशे के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तीन पंचायतों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा है। इनमें लेसवीं, भराड़ा और टिकरीगढ़ पंचायत शामिल हैं। इन पंचायतों में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विशेष कमेटियों का गठन किया गया है। इन कमेटियों के माध्यम से स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना और समाज में नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाना है।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चुराह क्षेत्र की तीन पंचायतों में विशेष रूप से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रशासन द्वारा गठित कमेटियां पंचायत स्तर पर लोगों और विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देंगी। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
वहीं, एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि सरकार की ओर से नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लेसवीं, भराड़ा और टिकरीगढ़ पंचायतों को अति संवेदनशील श्रेणी में शामिल किया गया है। तीनों पंचायतों में कमेटियों का गठन किया गया है, जो लोगों और स्कूली बच्चों को जागरूक करने का काम करेंगी।एसडीएम ने बताया कि इन कमेटियों की बैठकें एसडीएम कार्यालय में आयोजित की जाएंगी, ताकि अभियान की गतिविधियों की समीक्षा की जा सके और नशे के खिलाफ प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सके।