Summer express, तरनतारन | पंजाब के तरनतारन जिले में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर ड्रोन गतिविधि सामने आई है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पंजाब पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए गिराया गया अवैध हथियार बरामद किया है। बरामद सामान में एक पिस्तौल, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार बीओपी पीर बाबा क्षेत्र में तैनात बीएसएफ जवानों ने रविवार रात ड्रोन की आवाज सुनी। नाइट विजन उपकरणों की मदद से जवानों ने एक संदिग्ध ड्रोन को भारतीय सीमा की ओर आते देखा। इसके बाद सुरक्षा बलों ने ड्रोन पर फायरिंग की, जिसके कुछ देर बाद ड्रोन इलाके से गायब हो गया।
सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान किसान सुखदेव राज के खेत से एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ। पैकेट खोलने पर उसमें से एक पिस्तौल, एक मैगजीन और तीन कारतूस मिले।
इस अभियान का नेतृत्व बीएसएफ के कंपनी कमांडेंट मुरारी लाल और डीएसपी अतुल सोनी ने किया। पुलिस ने इस मामले में थाना खालड़ा में अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ भेजने की कोशिशें लगातार बढ़ रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र में निगरानी और तलाशी अभियान लगातार तेज कर रही हैं।
पिछले कुछ महीनों में पंजाब सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स गिराए जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसे सुरक्षा एजेंसियां राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती मान रही हैं।