Summer express, गुआम | प्रशांत महासागर में बना सुपर टाइफून ‘बावी’ (Bavi) अमेरिकी क्षेत्र गुआम और नॉर्दर्न मारियाना आइलैंड्स में भारी तबाही मचा रहा है। तेज़ तूफानी हवाओं, मूसलाधार बारिश और समुद्र में उठती ऊंची लहरों के कारण हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। मौसम एजेंसियों ने लोगों को घरों में रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है।
अमेरिकी नेशनल वेदर सर्विस (NWS) के अनुसार, सुपर टाइफून ‘बावी’ के साथ करीब 290 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जबकि झोंकों की गति 350 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच रही है। विशेषज्ञों ने इसे बेहद खतरनाक और विनाशकारी श्रेणी का तूफान बताया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि समुद्र में 11 मीटर यानी करीब 35 फीट तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जिससे तटीय इलाकों में भारी नुकसान की आशंका है। समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक, नॉर्दर्न मारियाना द्वीपों के कई हिस्सों से शुरुआती नुकसान की खबरें सामने आने लगी हैं।
तूफान के खतरे को देखते हुए हजारों लोगों को राहत और आपातकालीन आश्रय केंद्रों में पहुंचाया गया है। गुआम से करीब 50 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित रोटा (Rota) द्वीप सीधे तूफान की चपेट में है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घरों से बाहर न निकलने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।
रोटा मेयर कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि क्षेत्र में तेज हवाओं और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई इलाकों में संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की सूचना मिली है। वहीं रोटा के उत्तर में स्थित सैपन (Saipan) एयरपोर्ट पर 161 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रफ्तार वाले हवा के झोंके दर्ज किए गए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अप्रैल में आए सुपर टाइफून ‘सिनलाकू’ के बाद से कई इलाकों की बिजली व्यवस्था अब तक पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी थी। उस तूफान में 17 लोगों की मौत हुई थी और करीब 1.5 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था।
खराब मौसम के कारण कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि होटल और स्थानीय कारोबारी अपने प्रतिष्ठानों को सुरक्षित करने में जुटे हैं। तेज हवाओं से बचाव के लिए दुकानों और इमारतों की खिड़कियों को लकड़ी से ढंका जा रहा है। पर्यटकों को भी होटल के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है। फ्लाइट्स रद्द होने से कई यात्री द्वीपों पर फंसे हुए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और सक्रिय एल नीनो (El Nino) के कारण समुद्र का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे अधिक शक्तिशाली उष्णकटिबंधीय तूफानों के बनने की संभावना बढ़ गई है। आंकड़ों के अनुसार, ‘बावी’ पिछले दस वर्षों में अमेरिकी क्षेत्रों से टकराने वाला 11वां कैटेगरी-4 या कैटेगरी-5 चक्रवात होगा।