एजेंसी। नई दिल्ली
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले की जांच में बड़ा कदम उठाते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज मोहम्मद सईद को सप्लीमेंट्री चार्जशीट में आरोपी बनाया है।
एनआईए ने उसे न केवल हमले की साजिश का मुख्य सूत्रधार बताया है, बल्कि भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने और सीमा पार से आतंकी षड्यंत्र रचने का भी आरोप लगाया है। एनआईए ने जम्मू की विशेष अदालत में दायर चार्जशीट में कहा है कि हाफिज सईद को उसकी व्यक्तिगत भूमिका के साथ-साथ प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट के प्रमुख के रूप में भी आरोपी बनाया गया है। एजेंसी के अनुसार, जांच में पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क, साजिश और हमले से जुड़े कई अहम सबूत जुटाए
गए हैं।
यह हमला पिछले वर्ष पहलगाम के बैसरन क्षेत्र में हुआ था, जिसमें 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की मौत हुई थी। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने व्यापक अभियान चलाया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हमले में शामिल तीन आतंकवादी बाद में सुरक्षा बलों के अलग-अलग अभियानों में मारे जा चुके हैं, जबकि पूरे आतंकी नेटवर्क की जांच अभी भी जारी है। एनआईए ने चार्जशीट में भारतीय न्याय संहिता और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं।
एजेंसी का कहना है कि सप्लीमेंट्री चार्जशीट में पाकिस्तान से रची गई साजिश, हाफिज सईद की भूमिका और वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच से जुटाए गए साक्ष्यों का विस्तार से उल्लेख किया गया है। मामले की आगे की सुनवाई एनआईए की विशेष अदालत में होगी।