लक्की मेहता | लुधियाना
सलेम टाबरी के अधीन आने वाली दाना मंडी में वर्षों से सरकारी जमीन पर कब्जा जमाकर रेत-बजरी का कारोबार कर रहे रेत माफिया के खिलाफ मंगलवार सुबह प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया।
मार्केट कमेटी और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंडी में एक साथ दबिश देकर तीन अलग-अलग स्थानों से अवैध रूप से रखी गई रेत-बजरी जब्त कर ली। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग अपना सामान मौके से उठाकर ले गए, जबकि शेष कब्जाधारियों को 24 घंटे का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है।
सुबह हुई इस कार्रवाई में मार्केट कमेटी के डीएमओ गुरमतपाल सिंह, सचिव हरिंदर सिंह गिल, जिले के कई सचिव, 35 से 40 कर्मचारी और भारी पुलिस बल शामिल रहा। टीम ने सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की तो मंडी में हड़कंप मच गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए अधिकारियों से तीखी बहस भी की, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में अभियान बिना किसी रुकावट के जारी रहा।
मार्केट कमेटी के सचिव हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि संबंधित लोगों को कई बार नोटिस जारी कर सरकारी जमीन खाली करने और रेत-बजरी हटाने के निर्देश दिए गए थे। 31 जून को भी कार्रवाई कर रेत माफिया को मार्केट कमेटी की जमीन पर कारोबार करने से रोका गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने आदेशों की अनदेखी करते हुए दोबारा अवैध कारोबार शुरू कर दिया। मजबूरन मंगलवार को जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संयुक्त अभियान चलाना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों से रेत-बजरी जब्त की गई। कुछ लोग अपना सामान मौके से हटाकर ले गए, जबकि जो सामग्री बची है उसे हटाने के लिए एक दिन की अंतिम मोहलत दी गई है।
मार्केट कमेटी अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024 में भी छह लोगों के खिलाफ अवैध कब्जे और नियमों के उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद सरकारी जमीन पर कब्जे और अवैध कारोबार जारी रहा। कई बार समझाने और नोटिस देने के बाद भी जब हालात नहीं सुधरे तो मंगलवार को प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।
^सचिव हरिंदर सिंह गिल ने स्पष्ट कहा कि अब मार्केट कमेटी की जमीन पर किसी भी कीमत पर रेत-बजरी का कारोबार नहीं होने दिया जाएगा। यदि 24 घंटे की मोहलत के बाद भी किसी ने दोबारा अवैध व्यापार शुरू किया तो उसका पूरा सामान जब्त करने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।