Summer express, अंबाला , अंकुर कपूर I लगातार हुई बारिश से मिली राहत अब खत्म होती नजर आ रही है। अंबाला में एक बार फिर उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी और उमस का असर इतना बढ़ गया है कि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। तेज धूप और चिपचिपी गर्मी से बचने के लिए लोग मुंह और सिर को कपड़े से ढककर निकल रहे हैं, जबकि बाजारों में ठंडे पेय और जूस की दुकानों पर भीड़ बढ़ने लगी है।
जून और शुरुआती जुलाई में लगातार हुई बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ था, लेकिन अब बारिश थमने के साथ ही उमस ने फिर से लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। बाजारों में भी लोगों की आवाजाही पहले के मुकाबले कम देखने को मिल रही है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान मौसम काफी आरामदायक था, लेकिन अब उमस के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि फिलहाल केवल जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। लोगों का मानना है कि उमस से राहत केवल अच्छी बारिश से ही मिल सकती है, लेकिन बारिश इतनी अधिक भी नहीं होनी चाहिए कि बाढ़ जैसे हालात बन जाएं और जन-धन का नुकसान हो।