Summer express, विकास शर्मा, ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के भरवाईं क्षेत्र के किन्नू में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। बाइक पर सवार दो युवक भी उसके साथ खाई में गिर गए। हालांकि स्थानीय लोगों, दमकल विभाग और पुलिस की तत्परता से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक अपनी दिशा में जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन की तेज हाई बीम लाइट सीधे चालक की आंखों पर पड़ी, जिससे कुछ क्षण के लिए उसकी दृष्टि प्रभावित हो गई। चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन फिसलकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और खाई में गिरे दोनों युवकों की मदद शुरू कर दी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम और चिंतपूर्णी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और दोनों युवकों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाई काफी गहरी थी, लेकिन सौभाग्य से दोनों युवकों को कोई गंभीर चोट नहीं लगी। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह बाइक का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर रात के समय हाई बीम लाइट के दुरुपयोग से होने वाले सड़क हादसों की गंभीरता को उजागर किया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात में वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अनावश्यक रूप से हाई बीम का इस्तेमाल न करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।