Summer express, फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सेक्टर-28 की शाही एक्सपोर्ट कंपनी के बाहर श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर सैकड़ों कर्मचारियों ने फैक्टरी के बाहर प्रदर्शन किया और कामकाज ठप रखा। कर्मचारियों ने प्रबंधन पर उनके हितों और अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
श्रमिकों के विरोध की मुख्य वजह वार्षिक बोनस में की गई कथित कटौती है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि पहले उन्हें 20 प्रतिशत की दर से बोनस दिया जाता था, लेकिन अब इसे घटाकर 8 प्रतिशत कर दिया गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रबंधन के इस फैसले से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और महंगाई के दौर में उनके परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।
कंपनी के सिलाई विभाग में लंबे समय से काम कर रहीं महिला कर्मचारियों संतोष और रचना ने कहा कि वे वर्षों से कंपनी में सेवाएं दे रही हैं। उनके अनुसार, कोरोना महामारी के बाद से बोनस को लेकर लगातार कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों के बीच बोनस में इतनी बड़ी कटौती से श्रमिक परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के वेतन और सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है, जबकि निचले स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों के लाभों में कटौती की जा रही है। श्रमिकों का दावा है कि बोनस में कटौती का प्रस्ताव पहले भी उनके सामने रखा गया था, जिसका उन्होंने विरोध किया था। हालांकि, अब कर्मचारियों की आपत्तियों के बावजूद इसे लागू कर दिया गया है।
श्रमिकों के प्रदर्शन को देखते हुए फैक्टरी के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक 20 प्रतिशत बोनस की पुरानी व्यवस्था बहाल नहीं की जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।