जयपुर। जयपुर स्थित पिंक सिटी प्रेस क्लब में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग के आगामी संस्करण के आयोजन पर विचार विमर्श हुआ। बैठक में लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी एवं राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता मुख्य अतिथी के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान पत्रकारों ने उनके समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें रखीं। बैठक में मई 2026 में चंडीगढ़ में आयोजित जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग की सफलता की भी सराहना की गई, जिसमें राजस्थान के पत्रकारों की टीम ने खिताब अपने नाम किया था। राजीव दत्ता ने घोषणा की कि जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग का अगला संस्करण जयपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में देशभर से पत्रकारों की टीमों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों को खेल के माध्यम से एक साझा मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल पत्रकारों के बीच आपसी भाईचारा और सहयोग बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में खेल, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का कार्य अत्यंत जिम्मेदारी और मानसिक दबाव से जुड़ा होता है। ऐसे में खेल गतिविधियां पत्रकारों को तनावमुक्त रखने, शारीरिक रूप से सक्रिय बनाने और आपसी संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जयपुर में होने वाली लीग युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए भी प्रेरित करेगी।बैठक के दौरान राजीव दत्ता ने उपस्थित पत्रकारों को संसद की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया।
पिंक सिटी प्रेस क्लब जयपुर के अध्यक्ष मुकेश मीणा ने राजीव दत्ता का स्वागत करते हुए कहा कि जयपुर में जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग आयोजित कराने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि राजीव दत्ता के सहयोग से इस बार लीग को बड़े और व्यवस्थित स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए आयोजन स्थल, टीमों की भागीदारी, ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जल्द विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।
प्रेस क्लब के महासचिव राज कुमार शर्मा ने कहा कि जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग के प्रथम संस्करण में राजस्थान की टीम की जीत से राज्य के पत्रकारों का मनोबल भी मजबूत हुआ है। आगामी जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग के जयपुर में आयोजन की घोषणा से पत्रकारों में नया जोश है। बैठक के दौरान पिंक सिटी प्रेस कल्ब के अध्यक्ष मुकेश मीणा, जरनल सेक्रेटरी राज कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष नमो नारायणन अवस्थी, उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, मुकेश चौधरी, निखलेश शर्मा, हरीश गुप्ता, विजेंद्र जयसवाल विक्की और यूनाइटेड प्रेस कल्ब के प्रधान अर्शदीप समर समेत अन्य पत्रकार मौजूद थे।
जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग-2026 में राजस्थान बना चैंपियन
जर्नलिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से यूनाइटेड प्रेस क्लब के सहयोग से आयोजित जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग-2026 में देश के आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की पत्रकार टीमों ने हिस्सा लिया था। शहीद पत्रकारों को समर्पित यह प्रतियोगिता 10 अप्रैल से 3 मई तक आयोजित की गई। चंडीगढ़ के सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में कई प्रमुख मुकाबले खेले गए, जबकि ग्रैंड फिनाले पंचकूला में हुआ। प्रतियोगिता में राजस्थान के पत्रकारों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।