Summer express/सोनीपत/ रमेश कुमार -:सोनीपत के नरेंद्र नगर में बिजली, पानी और गंदे पानी की निकासी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। परेशान नागरिकों ने मुख्य मार्ग पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा।
नरेंद्र नगर के लोगों ने मुख्य सड़क पर टेंट लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से गलियों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इसके कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और संक्रमण फैलने का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली और पेयजल आपूर्ति की समस्या भी लंबे समय से बनी हुई है। कई बार संबंधित विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि चुनाव के दौरान विकास और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब उनकी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
धरने पर बैठे लोगों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने, नियमित बिजली और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र की अन्य मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।प्रदर्शनकारियों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि जल्द मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और सामान्य जनजीवन फिर से पटरी पर लौट सके।