Summer express, बल्लभगढ़ (फरीदाबाद)। बल्लभगढ़ की भाटिया कॉलोनी में लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो की समस्या से परेशान करीब एक हजार परिवारों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। वार्ड-43 में नई सीवर लाइन बिछाने के निर्माण कार्य का शुभारंभ पार्षद रश्मि यादव और पार्षद दीपक यादव ने किया। इस परियोजना के तहत सीवर लाइन के साथ आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) सड़क का भी निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा।
भाटिया कॉलोनी में वर्ष 2010 में सीवर लाइन बिछाई गई थी। उस समय कॉलोनी नियमित नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों ने तत्कालीन पार्षद के सहयोग से निजी संसाधनों से सीवर लाइन डलवाई थी। करीब 15 वर्षों में यह लाइन पूरी तरह जर्जर हो गई, जिसके चलते सीवर का गंदा पानी गलियों में बहने लगा और लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार शिकायतों के बाद नगर निगम ने नई सीवर लाइन बिछाने का फैसला लिया।
निर्माण कार्य के शुभारंभ के दौरान पार्षद रश्मि यादव ने कहा कि वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नई सीवर लाइन और आरएमसी सड़क बनने से जलभराव, सीवर ओवरफ्लो और टूटी सड़कों की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा लोगों का आवागमन भी पहले से अधिक सुगम होगा।
इस मौके पर वार्ड-42 के पार्षद दीपक यादव ने कहा कि उनके वार्ड में भी जल्द ही नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्य की शुरुआत की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिल सकेगी।