Summer express/शिमला, संजू-:हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस संगठन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल अब 8 अगस्त को दो दिवसीय हिमाचल दौरे पर पहुंचेंगे। पहले उनका दौरा 16 अगस्त को प्रस्तावित था, लेकिन पार्टी की संगठनात्मक प्राथमिकताओं को देखते हुए कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। इस दौरान वे प्रदेश कांग्रेस संगठन और सरकार के कामकाज की समीक्षा के साथ आगामी चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि के. सी. वेणुगोपाल का यह प्रवास करीब डेढ़ दिन का रहेगा। इस दौरान वे प्रदेश के मंत्रियों, कांग्रेस विधायकों, राजनीतिक मामलों की समिति (Political Affairs Committee) और पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों एवं विभागों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे।
हालांकि बैठकों का अंतिम स्थल अभी तय नहीं किया गया है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि उच्चस्तरीय बैठकें परवाणू या कसौली में आयोजित हो सकती हैं। इन बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा मिशन-2027 की रणनीति को अंतिम रूप देने पर विशेष चर्चा होगी।गौरतलब है कि इससे पहले भी के. सी. वेणुगोपाल संगठन सृजन अभियान के तहत कांगड़ा में आयोजित जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दे चुके हैं। अब उनका यह दौरा प्रदेश कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को समय रहते धार देने में जुटी है।
प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि जब भी कांग्रेस हाईकमान का कोई वरिष्ठ नेता हिमाचल आता है, तब संगठन की गतिविधियों, सरकार के प्रदर्शन और भविष्य की राजनीतिक रणनीति की व्यापक समीक्षा की जाती है। इस बार भी बैठकों में इन्हीं मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी ताकि पार्टी को आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार किया जा सके।