Summer express/कांगड़ा, विकास -:होशियारपुर से इलाज करवाकर अपने गांव लौट रहे एक दंपत्ति के साथ मवा रोड पर लूट की वारदात सामने आई है। घटना उस समय हुई जब दंपत्ति बस से उतरने के बाद अपने घर की ओर जा रहे थे। पीड़ित परिवार अप्पर लोहार पंचायत के अंतर्गत आने वाले मवा गांव का निवासी बताया जा रहा है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रणवीर सिंह और उनकी पत्नी अनुराधा इलाज के लिए होशियारपुर गए हुए थे। शाम करीब 6:37 बजे दोनों बस से उतरकर मवा रोड स्थित किन्नू पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। इसी दौरान रणवीर सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी आने लगी। तभी एक अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा और इंसानियत दिखाते हुए उन्हें बोतल से पानी पिलाया।पानी पिलाने के बाद युवक ने दंपत्ति से कहा कि वह उन्हें आगे तक छोड़ देगा, लेकिन दोनों ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर युवक ने अचानक महिला अनुराधा के साथ धक्का-मुक्की की, हथियार दिखाकर डराया और उनके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने स्थानीय पंचायत प्रधान संगीता बाला को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रधान स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के होटल और किन्नू पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियां कैमरे में कैद मिली हैं, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।प्रधान संगीता बाला ने बताया कि दंपत्ति इलाज करवाकर लौट रहा था और पति की तबीयत खराब होने के दौरान आरोपी ने पहले मदद का नाटक किया। बाद में मौका देखकर उसने महिला से सोने की बालियां लूट लीं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।