Summer express, फरीदाबाद। सेक्टर-3 स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 11वीं के एक छात्र के बैग की जांच के दौरान चाकू, एयरगन, माचिस और दो मोबाइल फोन मिले। स्कूल में हाल ही में हुई शिक्षिका की हत्या की घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर विद्यार्थियों के बैग की जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध सामान मिलने पर स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
स्कूल प्रबंधन की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, तीन अगस्त को सिकरौना गांव स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका की हत्या की घटना के बाद स्कूलों में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में सेक्टर-3 के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के बैग चेक किए जा रहे थे। 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों की जांच के दौरान एक बैग से चाकू, दो मोबाइल फोन, माचिस और एयरगन बरामद हुई।
शुरुआत में शिक्षकों को एयरगन देखने पर उसके असली हथियार होने का संदेह हुआ। इसके बाद संबंधित छात्र से पूछताछ की गई और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-3 चौकी से पुलिस टीम स्कूल पहुंची और विद्यार्थियों से पूछताछ की।
पुलिस पूछताछ में छात्र ने बताया कि उसके दोस्त का जन्मदिन था और केक काटने के लिए वह घर की रसोई का चाकू तथा माचिस बैग में लेकर आया था। छात्र के अनुसार एयरगन उसने खेलने के लिए बैग में रखी थी। पूछताछ के दौरान उसने चार अन्य छात्रों के बारे में भी जानकारी दी। पुलिस ने सभी छात्रों से पूछताछ करने के बाद उन्हें छोड़ दिया।
हालांकि, स्कूल में चर्चा यह भी रही कि कुछ विद्यार्थियों का आपस में विवाद चल रहा था और इसी वजह से चाकू व एयरगन स्कूल लाने की आशंका है। पुलिस और स्कूल प्रबंधन की ओर से इस दावे की पुष्टि नहीं की गई है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी गहन जांच जरूरी है।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, मामले में शामिल बताए जा रहे विद्यार्थियों में तीन बालिग और दो नाबालिग हैं। प्रबंधन ने पुलिस से विद्यार्थियों के पास से चाकू और एयरगन मिलने के मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि यदि ऐसे मामलों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो इससे अन्य विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ सकती है।
स्कूल प्रबंधन ने जिला शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी को भी मामले से अवगत कराया है तथा विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है। प्रबंधन का कहना है कि स्कूल परिसर में किसी भी तरह के हथियार या संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी को हल्के में नहीं लिया जा सकता। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि छात्र एयरगन और अन्य सामान स्कूल क्यों लेकर आया था।