Summer express, गुरदासपुर । स्थानीय इस्लामाबाद मोहल्ले में चोरों ने लाहौरी जीरा और अन्य कन्फेक्शनरी सामान के एक गोदाम को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर लैपटॉप चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
गोदाम मालिक अंकुर शर्मा के मुताबिक, दो युवक सेंट्रो कार से गोदाम के बाहर पहुंचे। दोनों ने गोदाम का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल होकर काफी देर तक नकदी की तलाश में सामान खंगाला। हैरानी की बात यह है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में कन्फेक्शनरी और अन्य सामान मौजूद होने के बावजूद आरोपियों ने किसी अन्य वस्तु को हाथ नहीं लगाया और केवल लैपटॉप लेकर फरार हो गए।
गनीमत रही कि वारदात के दिन गोदाम में नकदी नहीं रखी गई थी। इससे बड़ी आर्थिक क्षति होने से बच गई। हालांकि, चोरी हुआ लैपटॉप कारोबारी के लिए काफी महत्वपूर्ण था। अंकुर शर्मा ने बताया कि लैपटॉप में जीएसटी से संबंधित रिकॉर्ड, खरीद-बिक्री का पूरा लेखा-जोखा और कुछ निजी पारिवारिक तस्वीरें भी सुरक्षित थीं।
सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्धों को कार से गोदाम तक आते और वारदात के बाद वहां से निकलते देखा जा सकता है। दोनों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे और सिर को ढक रखा था, जिसके चलते फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
गोदाम मालिक ने घटना की शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों तक पहुंचा जा सके।