Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: जिला हमीरपुर में पंचायत समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा। भाजपा ने मांग उठाई कि जिले के लंबित पंचायत समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव जल्द करवाए जाएं।भाजपा का आरोप है कि हमीरपुर जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में अभी तक बीडीसी चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चुनाव नहीं हो पाया है। केवल भोरंज विधानसभा क्षेत्र में ही दोनों पदों पर चुनाव हुआ है, जबकि अन्य क्षेत्रों में प्रक्रिया लंबित है।
भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि पंचायत समितियों के पदाधिकारियों का चुनाव लंबे समय से लंबित रहने से पंचायती राज व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पंचायती राज चुनाव करवाने में भी सरकार की ओर से देरी की गई और अब बीडीसी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव को टाला जा रहा है।उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से सरकार से जल्द चुनाव करवाने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 31 अगस्त तक सरकार ने इस संबंध में निर्णय नहीं लिया, तो भाजपा बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगी।इस दौरान बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, भोरंज की पूर्व विधायक कमलेश कुमारी और नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।