summer express, सूरत। गुजरात के सूरत में रेस्टोरेंट से मंगाया गया खाना एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। परिवार का आरोप है कि शीतल रेस्टोरेंट से काजू-पनीर करी खाने के बाद घर के पांच सदस्य अचानक बीमार पड़ गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पांच साल की बच्ची आर्या की मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, परिवार सूरत शहर की रनुजाधाम सोसाइटी में रहता है। परिवार ने 15 अगस्त को शीतल रेस्टोरेंट से काजू-पनीर करी मंगवाई थी। इसके बाद 16 अगस्त की सुबह करीब चार बजे अशोकभाई कलसरिया और उनकी एक बेटी को पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। शुरुआत में दोनों को स्थानीय क्लिनिक में उपचार दिलाया गया, लेकिन कुछ समय बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।
इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत भी खराब हो गई। सभी बीमार सदस्यों को इलाज के लिए सदविचार अस्पताल ले जाया गया। परिवार के मुताबिक, अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचने के करीब 15 से 20 मिनट बाद पांच वर्षीय आर्या ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
स्वास्थ्य विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य पदार्थ के नमूनों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, बच्ची की मौत और परिवार के सदस्यों के बीमार होने का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
घटना के बाद गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया ने अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल पटेल और सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अधिकारी डॉ. उमरीगर को निर्देश दिया कि अस्पताल में भर्ती परिवार के अन्य सदस्यों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शीतल रेस्टोरेंट को तत्काल सील करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही स्थानीय नगर निगम और जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को मामले की जांच कर जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
फिलहाल प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने की वजह क्या थी और क्या इसका संबंध रेस्टोरेंट से मंगाए गए भोजन से है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।