Summer express, अमृतसर। अमृतसर में रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाकर घर लौट रहे परिवार पर कथित तौर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। चबाल रोड स्थित इंद्रा कॉलोनी इलाके में गाड़ी साइड करने को लेकर हुए विवाद के बाद कार सवार व्यक्ति ने पति-पत्नी और उनकी छोटी बच्ची के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने तेजधार हथियारों से भी हमला किया। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पीड़ित आनंद अरोड़ा की मां के मुताबिक, उनका बेटा रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन से राखी बंधवाने गया था। इसके बाद वह पत्नी और बच्ची के साथ कार से घर लौट रहा था। इंद्रा कॉलोनी के पास रास्ते में उसने एक व्यक्ति से गाड़ी साइड करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद हो गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि कार सवार व्यक्ति ने आनंद अरोड़ा, उसकी पत्नी और छोटी बच्ची के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान तेजधार हथियारों से भी हमला किया गया, जिससे आनंद घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर उसकी मां और पिता मौके पर पहुंचे। बेटे को बचाने के प्रयास में आरोपियों ने उसके पिता के साथ भी मारपीट की।
हमले में घायल आनंद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।