Summer express, नई दिल्ली। पूर्वी विनोद नगर के सर्वोदय कन्या विद्यालय में 10 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में दिल्ली सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद के निर्देश पर संबंधित शिक्षिका का जांच पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि यह कदम जांच को निष्पक्ष और किसी भी तरह के प्रभाव से मुक्त रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि पूर्वी विनोद नगर स्थित स्कूल में छात्रा की मौत की घटना की जांच चल रही है। जांच पूरी होने तक संबंधित शिक्षिका को स्थानांतरित कर दिया गया है, ताकि मामले की जांच में किसी प्रकार का हस्तक्षेप न हो और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़े।
परिवार ने लगाया धूप में खड़ा करने का आरोप
छात्रा के परिवार ने आरोप लगाया है कि 27 अगस्त को स्कूल में किताब नहीं लाने पर शिक्षिका ने बच्ची को सजा के तौर पर धूप में खड़ा किया था। परिवार के मुताबिक, कुछ समय बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। स्कूल की ओर से उसकी मां अंजलि को सूचना दी गई।
मां का आरोप है कि जब वह स्कूल पहुंचीं तो उनकी बेटी धूप में खड़ी थी और उसकी हालत खराब थी। इसके बाद छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्कूल के बाहर प्रदर्शन
छात्रा की मौत की खबर सामने आने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
भाजपा विधायक भी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी भी स्कूल पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले स्कूल कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
पुलिस भी आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल शिक्षिका के तबादले को जांच पूरी होने तक की प्रशासनिक कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। छात्रा की मौत की वास्तविक वजह और परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।