Summer express, मोनिका रावत , चंडीगढ़ I प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को हर बूथ पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। महीने भर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में मुख्यमंत्री से लेकर सभी मंत्री, सांसद-विधायक और भाजपा पदाधिकारी शामिल होंगे। सभी जिलों में प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पित परियोजनाओं तथा प्रमुख विकास परियोजनाओं को चिन्हित कर वहां विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों, विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन तथा इनके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा की। बैठक में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, डा. अरविंद कुमार शर्मा, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, कृष्ण कुमार बेदी तथा आरती सिंह राव एवं राज्यमंत्री गौरव गौतम भी उपस्थित थे, जबकि राज्यमंत्री राजेश नागर तथा सभी जिलों के उपायुक्त वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव केएम पांडुरंग तथा निदेशक डा. आदित्य दहिया ने जिलावार तैयारियों तथा अभियान की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रबंधों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी 23 जिलों में प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित परियोजनाओं तथा हरियाणा की प्रमुख विकास परियोजनाओं को चिन्हित कर वहां विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को इस अभियान से जोड़ा जाए और उनके घरों पर दीया जलाकर उनके अनुभवों को सामने लाया जाए। प्रत्येक जिले में केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार की जाए। सुनिश्चित किया जाए कि अभियान के दौरान कोई भी लाभार्थी छूटने न पाए। ग्राम सचिवालय, व्यायामशालाओं, किसानों के लिए किए गए कार्यों, सड़कों, एक्सप्रेस वे तथा अन्य प्रमुख विकास परियोजनाओं को भी चिन्हित किया जाए, ताकि इन विकास कार्यों को जनता के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।
लाभार्थियों की जुबानी सामने आएगी बदलाव की कहानी
25 सितंबर से सात अक्टूबर के बीच आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय विशेष उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा तथा माताओं को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मिशन इंद्रधनुष सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभवों को ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से सामने लाया जाएगा।
‘सेवा सेतु’ के माध्यम से घर-घर पहुंचेगा योजनाओं का लाभ
अभियान के दौरान ब्लाक स्तर पर विशेष ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत परिवार की वार्षिक आय की पात्रता सीमा बढ़ाकर 1 लाख 80 हजार रुपये की जाएगी। इस विस्तार के बाद प्रदेश में लगभग 17 लाख नए लाभार्थियों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य है। एक नवंबर से पात्र लाभार्थियों को योजना की राशि का भुगतान शुरू किया जाएगा।
90 विधानसभा क्षेत्रों की 180 लोकेशन पर होगा ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में 180 लोकेशन पर समाज सेवा की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। रक्तदान, पौधरोपण, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसी गतिविधियों के माध्यम से सेवा के इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। विश्व के 25 देशों, में सूर्योदय के अवसर पर यज्ञ आयोजित किए जाएंगे, जिसमें हरियाणा के लोग भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा।