summer express , बेंगलुरु। केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास स्थित एक पांच सितारा होटल में दो मासूम बहनों की हत्या के मामले में पुलिस को अहम जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, बच्चियों के पिता इमरान ने पूछताछ के दौरान दोनों बेटियों की हत्या करने की बात स्वीकार की है। वारदात के बाद उसने खुद का गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया था।
जांच में आरोपी की पहचान 40 वर्षीय इमरान के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय कैब कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने होटल के कमरे में घटनाक्रम का रीकंस्ट्रक्शन कराया। इसी दौरान इमरान भावुक होकर जमीन पर गिर पड़ा और करीब 15 से 20 मिनट तक रोता रहा। जांच अधिकारियों के मुताबिक, उन्होंने उसे अपनी भावनाएं जाहिर करने का मौका दिया।
पुलिस पूछताछ में इमरान ने कथित तौर पर कहा कि उसने बेटियों की हत्या इसलिए की क्योंकि वह उनसे प्यार करता था और उनके भविष्य को लेकर चिंतित था। जांच के मुताबिक, उसकी पत्नी से करीब दो महीने पहले अलगाव हो गया था। इसके बाद दोनों बेटियों की देखभाल को लेकर वह मानसिक दबाव में था।
पुलिस के अनुसार, इमरान ने वैवाहिक विवाद के लिए अपनी पत्नी को जिम्मेदार ठहराया। उसका आरोप था कि नई नौकरी मिलने के बाद पत्नी के एक पुरुष सहकर्मी के साथ संबंध बन गए थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, घटना से करीब 15 महीने पहले से उनके वैवाहिक संबंधों में तनाव बढ़ना शुरू हुआ था।
बताया गया कि अलग होने के बाद दोनों बेटियां सप्ताह के दिनों में अपनी मां के साथ रहती थीं, जबकि सप्ताहांत में इमरान से मिलने जाती थीं। बच्चों की कस्टडी को लेकर भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को होटल के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें इमरान ने वैवाहिक विवाद, पत्नी पर लगाए गए आरोप और बेटियों की कस्टडी को लेकर चल रहे विवाद का जिक्र किया था।
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त को इमरान ने अपनी 10 वर्षीय बेटी शेख जोया और 5 वर्षीय बेटी शेख जेहरा की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुदकुशी का प्रयास किया। वह होटल के वॉशरूम में गंभीर हालत में मिला था। गले पर चोट के कारण उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब दो सप्ताह के उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। अब पुलिस आगे की जांच में हत्या के पीछे की परिस्थितियों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाल रही है।