summer express , अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला से हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल पांवटा साहिब के लिए पहली बार सीधी बस सेवा शुरू की गई है। नई बस सेवा शुरू होने से पांवटा साहिब के साथ नाहन और हिमाचल व उत्तराखंड के अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। यात्रियों को अब बार-बार बस बदलने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी और समय व किराये की भी बचत होगी।
अंबाला छावनी बस स्टैंड के प्रबंधक एवं निरीक्षक बहादुर सिंह ने बताया कि बस अंबाला शहर से चलकर सुबह करीब 9 से 9:15 बजे के बीच अंबाला कैंट बूथ पर पहुंचती है। पांवटा साहिब से वापसी के दौरान भी बस अंबाला कैंट होते हुए अंबाला शहर तक जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले पांवटा साहिब के लिए अंबाला से कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। लंबे समय से यात्रियों की ओर से इस रूट पर सीधी बस चलाने की मांग की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि नई बस सेवा से आम यात्रियों के साथ व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा। पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों का सफर आसान और सुगम होगा। यात्रियों ने इस सुविधा के लिए सरकार और परिवहन विभाग का आभार जताया है।
बस चालक मनोज कुमार ने बताया कि बस सुबह 9:05 बजे अंबाला बस काउंटर पर लगती है और करीब 9:10 बजे जगाधरी के लिए रवाना होती है। जगाधरी पहुंचने के बाद बस करीब 10:35 बजे पांवटा साहिब के लिए आगे रवाना होती है और दोपहर 12:15 बजे पांवटा साहिब पहुंचती है। वापसी में बस दोपहर 12:40 बजे पांवटा साहिब से अंबाला के लिए रवाना होती है।
बस अंबाला से दोसड़का, जगाधरी, छछरौली, खिजराबाद और हथनीकुंड होते हुए पांवटा साहिब पहुंचेगी। चालक ने बताया कि सीधी बस सेवा से यात्रियों को बार-बार बस बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि मंत्री अनिल विज के प्रयासों से पांवटा साहिब के अलावा हरिद्वार सहित अन्य महत्वपूर्ण और बंद पड़े रूटों पर भी बस सेवाएं शुरू की गई हैं।
स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने नई बस सेवा का स्वागत करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया। यात्रियों ने कहा कि सीधी बस मिलने से सफर अधिक आरामदायक होगा और समय की भी बचत होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी और परिवहन विभाग का आभार जताया।