शिमला में गूंजा गणपति बप्पा मोरया, 108 प्रतिमाओं के साथ गणेश महोत्सव का शुभारंभ

Chandrika
2 Min Read

Summer express/शिमला,संजू-:पहाड़ों की रानी शिमला में गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ शुरू हो गया है। भगवान श्री गणेश के जयघोष से राजधानी का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। शहर के मिडल बाजार स्थित एमसी कॉम्प्लेक्स में श्री सिद्धिविनायक सेवा मंडल ट्रस्ट की ओर से 12 दिवसीय गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के तहत धार्मिक पंडाल में भगवान श्री गणेश की 108 पावन प्रतिमाओं की विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ स्थापना की गई।

शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

प्रतिमा स्थापना से पहले श्री सिद्धिविनायक सेवा मंडल ट्रस्ट की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा उपायुक्त कार्यालय से शुरू हुई और लोअर बाजार, माल रोड से होते हुए मिडल बाजार स्थित एमसी कॉम्प्लेक्स पहुंची। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और गणपति बप्पा के जयघोष के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में भाग लिया। इसके बाद धार्मिक अनुष्ठान के बीच गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई।

12 दिनों तक होंगे धार्मिक और भजन-कीर्तन कार्यक्रम

ट्रस्ट के प्रधान आशुतोष ने बताया कि गणेश महोत्सव गणेश चतुर्थी से शुरू होकर 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी तक चलेगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 9 बजे पूजा-अर्चना होगी। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक स्थानीय भजन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन किया जाएगा। वहीं, शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक बाहर से आमंत्रित विशेष भजन मंडलियों द्वारा संकीर्तन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रतिदिन शाम 8 बजे विशेष पूजा और रात 9 बजे आरती का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए लगातार भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी।

25 सितंबर को होगा विसर्जन

गणेश महोत्सव के समापन पर 25 सितंबर की सुबह 8 बजे हवन-पूजन किया जाएगा। इसके बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए शोभायात्रा के रूप में सुन्नी ले जाया जाएगा। महोत्सव को लेकर शिमला में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और पूरा शहर गणपति की भक्ति में रंगा नजर आ रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *