summer express , अनिल मंगला, फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल पार्क लॉन एंड बैंक्वेट में चल रहे गणेश महोत्सव 2026 के दूसरे दिन भक्तिभाव और उत्साह का माहौल रहा। आयोजन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष पहुंचे। दोनों ने भगवान श्री गणेश के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने भगवान गणपति से हरियाणा सहित देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। दोनों विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने पर आयोजकों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। उनकी मौजूदगी से महोत्सव में शामिल श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
गणेश महोत्सव के दूसरे दिन की शुरुआत भगवान श्री गणेश की आरती के साथ हुई। इसके बाद धार्मिक झांकियों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। भक्ति संगीत और भजन-जैमिंग कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु गणपति की भक्ति में झूमते नजर आए। पूरे पंडाल में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष गूंजते रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी भक्तिमय माहौल में गीत प्रस्तुत किया, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष बना दिया। फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।
तीन दिवसीय गणेश महोत्सव का आयोजन 14 से 16 सितंबर तक सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल पार्क लॉन एंड बैंक्वेट में किया जा रहा है। इसकी मेजबानी हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और पल्लवी गोयल कर रहे हैं। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस दिन भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से पूजा और आरती के बाद भव्य विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। गणपति बप्पा की विदाई के साथ तीन दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन होगा। आयोजकों ने फरीदाबाद और आसपास के श्रद्धालुओं से अंतिम दिन के कार्यक्रम और विसर्जन यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है।