summer express , फतेहाबाद। गांव खजूरी जाटी में देर रात तेज बारिश के दौरान आसमानी बिजली गिरने से एक मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। छत के मलबे में दबने से नन्ही देवी नामक महिला की मौत हो गई। घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रात के समय तेज बारिश के साथ बिजली कड़क रही थी। इसी दौरान अचानक मकान की छत गिर गई और नन्ही देवी मलबे के नीचे दब गई। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।