summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर अंबाला के नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में देर रात आशीर्वाद के दीये जलाए गए। इस दौरान पूरे पार्क को रंग-बिरंगी बिजली की लड़ियों से सजाया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज, उपायुक्त और जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए।
अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद का दीया जलाया। इस दौरान उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। पार्क में बड़ी संख्या में दीये जलाए गए, जिससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा।
अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह साबित किया है कि संकल्प के साथ कुछ भी संभव है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के कई देश भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उनके अनुसार प्रधानमंत्री ने अलग-अलग क्षेत्रों और वर्गों के लिए कई योजनाएं लागू की हैं।
अनिल विज ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने, ग्रामीण महिलाओं को धुएं से राहत देने के लिए उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन देने और महिलाओं के लिए लाड़ो लक्ष्मी योजना जैसे कदम उठाए गए हैं। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाकर 3200 रुपये किए जाने, देश में सड़कों का विस्तार और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के विकास का भी उल्लेख किया।
कैबिनेट मंत्री ने इस दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय को भी याद किया। उन्होंने कहा कि देश के गांव-गांव तक बिजली पहुंचने से लोगों के घर रोशन हुए हैं। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ से देश की सैकड़ों रियासतों का भारत में विलय हुआ। साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का भी उल्लेख किया।
अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उनकी दीर्घायु की कामना के लिए आशीर्वाद का दीया जलाना नागरिकों के लिए खुशी और सम्मान का अवसर है।