समर न्यूज। मानसा
शिरोमणि अकाली दल को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बुढलाडा सीट पर झटका लगा है। पार्टी के बुढलाडा हलका प्रभारी और 2027 के लिए घोषित उम्मीदवार डॉ. निशान सिंह हाकमवाला ने पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और बठिंडा की सांसद हरसिमरत कौर बादल को भेजा है। निशान सिंह ने स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और आर्थिक परिस्थितियों को फैसले की वजह बताया। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों के कारण वह पार्टी की जिम्मेदारियों के लिए पहले की तरह समय नहीं दे पा रहे थे।
पेशे से चिकित्सक निशान सिंह पहले सरकारी सेवा में रह चुके हैं। वह 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में बुढलाडा की आरक्षित सीट से अकाली दल के उम्मीदवार रहे थे। दोनों चुनाव में उन्हें आम आदमी पार्टी के बुधराम से हार मिली थी।
फिलहाल दूसरी पार्टी में जाने से इन्कार
निशान सिंह ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल उनका किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि भविष्य में राजनीतिक भूमिका को लेकर कोई फैसला हुआ तो वह स्वयं इसकी जानकारी देंगे। उन्होंने पार्टी के साथ अपने लंबे संबंध और कार्यकर्ताओं के सहयोग के लिए आभार जताया। इस्तीफा देने से एक दिन पहले वह बुढलाडा में अकाली दल के विरोध प्रदर्शन में भी
शामिल हुए थे।
अकाली दल ने कहा, गठन मजबूत
अकाली नेताओं ने कहा कि इससे पार्टी के संगठन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। बुढलाडा में संगठनात्मक ढांचा मजबूत है और कार्यकर्ता पार्टी के साथ हैं। हालांकि निशान सिंह के इस्तीफे के बाद 2027 के चुनाव से पहले बुढलाडा में अकाली दल के नए हलका प्रभारी और उम्मीदवार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इस्तीफे के बाद उनके आम आदमी पार्टी में शामिल होने की चर्चा भी है।