summer express , अमृतसर। थाना गेट हकीमा में तैनात एएसआई हरजीत सिंह की देर रात अमृतसर की भगतांवाला दाना मंडी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, दाना मंडी में कुछ युवकों ने एएसआई हरजीत सिंह पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने एएसआई के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे क्या कारण था और गोलीबारी में कौन-कौन लोग शामिल थे। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
एएसआई हरजीत सिंह की हत्या की सूचना मिलने के बाद पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के भी अमृतसर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की ओर से मामले की जांच के साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस बीच, आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि पंजाब पुलिस ने फिलहाल वारदात को आतंकी हमले से जोड़ने वाले एंगल को खारिज किया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।