summer express ,कुरुक्षेत्र। धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ब्रह्मसरोवर के समीप 120 करोड़ रुपये की लागत से सर्किट हाउस बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर और ड्रोन शो में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरती सेवा और सामर्थ्य का संदेश दे रही है। रक्तदान के जरिए लोगों की जान बचाने का संकल्प लिया जा रहा है, वहीं ड्रोन शो के माध्यम से तकनीक, नवाचार और नए भारत की क्षमताओं की झलक दिखाई गई। उन्होंने कहा कि रक्तदान निस्वार्थ सेवा का कार्य है और यह गीता के कर्मयोग के संदेश को जीवन में उतारने का बेहतर उदाहरण है।
नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान शुरू किया गया है, जो 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत प्रदेशभर में सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि इसका संदेश हर वर्ग और प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में इस समय 154 ब्लड सेंटर संचालित हैं। पिछले वर्ष 3 लाख 30 हजार यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन प्रदेश में लक्ष्य से अधिक 4.50 लाख यूनिट से ज्यादा रक्त एकत्र किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में सर्वाधिक रक्तदान के लिए हरियाणा को केंद्र सरकार की ओर से लगातार दूसरी बार रक्तदान में उत्कृष्टता पुरस्कार मिला है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकारी अस्पतालों में डेंगू मरीजों को निशुल्क सिंगल डोनर प्लेटलेट्स की सुविधा उपलब्ध कराने वाला उत्तर भारत का पहला राज्य है। इसके अलावा सरकारी अस्पतालों में भर्ती डेंगू मरीजों को 11 हजार रुपये की प्रतिपूर्ति भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने रक्तदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रत्येक हरियाणवी का अभियान है। उन्होंने नागरिकों और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने ड्रोन शो को तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ते हरियाणा तथा नए भारत की प्रगति का प्रतीक बताया।