summer express , सिरसा। नगर परिषद के चेयरमैन शांति स्वरूप भट्टी ने शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति और समय पर कार्यालय पहुंचने की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण में अधिकांश कर्मचारी निर्धारित समय पर ड्यूटी पर मौजूद मिले, जबकि एक कर्मचारी गैरहाजिर पाया गया। संबंधित कर्मचारी को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया है।
चेयरमैन ने बताया कि स्टाफ में बदलाव के बाद कर्मचारियों के समय पर कार्यालय पहुंचने में सुधार देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में आने वाले लोगों के काम समय पर हों, इसके लिए कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करना जरूरी है।
शांति स्वरूप भट्टी ने कहा कि आमजन अपने जरूरी कार्यों के लिए नगर परिषद कार्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे समय पर कार्यालय आएं और लोगों की समस्याओं व शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही और बिना अनुमति गैरहाजिरी को स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में निरीक्षण के दौरान किसी कर्मचारी की लापरवाही या अनधिकृत अनुपस्थिति सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों को कार्यालय की कार्यप्रणाली बेहतर बनाने और आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वार्ड नंबर 11 के पार्षद राजन शर्मा भी मौजूद रहे।