summer express, चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चंबा डिपो को 10 नई इलेक्ट्रिक बसें मिल गई हैं। शनिवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को प्रदूषण रहित, सुरक्षित और आरामदायक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
एचआरटीसी प्रबंधन ने इन बसों को चंबा-पठानकोट और नूरपुर-जसूर समेत अन्य प्रमुख रूटों पर चलाने की योजना बनाई है। आने वाले समय में चंबा-साहो, चंबा-डलहौजी, सलूणी और तीसा रूट पर भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा सकता है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 15 अगस्त को चंबा दौरे के दौरान डिपो को कुल 25 नई बसें उपलब्ध करवाने की घोषणा की थी। इनमें 15 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें शामिल थीं। घोषणा के बाद करीब आठ डीजल बसें अन्य डिपो से चंबा पहुंच चुकी हैं। अब 10 इलेक्ट्रिक बसें भी डिपो में शामिल हो गई हैं। निगम प्रबंधन के अनुसार छह और बसें जल्द चंबा पहुंच सकती हैं।
डीडीएम चंबा शुगल सिंह ने बताया कि फिलहाल 10 इलेक्ट्रिक बसें डिपो में पहुंच चुकी हैं और पांच अन्य बसें भी जल्द मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बसों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चंबा वर्कशॉप में चार्जिंग प्वाइंट भी स्थापित कर उसे चालू कर दिया गया है। बसों का ट्रायल पूरा होने के बाद इन्हें निर्धारित रूटों पर नियमित रूप से चलाया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ चंबा में प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।