summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला शहर के कालका चौक की पहचान अब भव्य वामन द्वार से भी होगी। शहर के प्रवेश मार्ग पर बनाया गया वामन द्वार पूरी तरह तैयार हो गया है। धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाने वाला यह द्वार शहर में आने वाले लोगों के लिए नया आकर्षण बनेगा। अंबाला में वामन द्वादशी मेले की तैयारियों के बीच इस द्वार का निर्माण कराया गया है।
वामन द्वार के तैयार होने के अवसर पर अंबाला शहर की मेयर अक्षिता सैनी समेत भाजपा के पार्षद और नेता मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने द्वार के निर्माण के लिए पूर्व मंत्री असीम गोयल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया।
मौके पर भाजपा नेताओं और पार्षदों ने वामन द्वार को लेकर विपक्ष की ओर से किए जा रहे राजनीतिक दावों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि अंबाला शहर की जनता ने जिन विधायक और सांसद को चुना है, वे शहर के विकास के लिए क्या कर रहे हैं।
गौरतलब है कि अंबाला का पारंपरिक वामन द्वादशी मेला इस बार 21 सितंबर से शुरू होना है। मेले से पहले कालका चौक पर नए स्थायी द्वार के तैयार होने से शहर के लोगों में भी उत्साह है। इस मौके पर भाजपा पार्षद गुरविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह और भाजपा नेता सुंदर ढींगरा ने भी अपनी बात रखी।