माइनिंग वाहनों से वसूली का आरोप, 5 लाख की रिश्वत लेते CID इंस्पेक्टर गिरफ्तार
Summer express/कुरुक्षेत्र,गुरदीप सिंह गुजराल -:हरियाणा स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो (SV & ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए CID में तैनात इंस्पेक्टर राजेश कुमार को कथित तौर पर 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इंस्पेक्टर यमुनानगर से करनाल के बीच खनन सामग्री ले जाने वाले वाहनों को बिना रोक-टोक गुजरने देने के बदले हर महीने रकम वसूल रहा था।जानकारी के मुताबिक, करनाल निवासी एक व्यक्ति ने ACB को शिकायत दी थी कि आरोपी इंस्पेक्टर ने माइनिंग वाहनों को रास्ते में परेशानी से बचाने के लिए प्रति वाहन 10 हजार रुपये प्रतिमाह की मांग की थी। शिकायतकर्ता के अनुरोध के बाद 19 सितंबर को कथित तौर पर यह रकम घटाकर 7 हजार रुपये प्रति वाहन तय की गई। करीब 70 वाहनों के लिए कुल 5 लाख रुपये मासिक भुगतान पर सहमति बनने की बात सामने आई है।
शिकायत मिलने के बाद ACB कुरुक्षेत्र की टीम ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह के नेतृत्व में टीम ने उमरी चौक के पास ट्रैप लगाया।बताया गया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को रकम देने के लिए करनाल से कुरुक्षेत्र बुलाया था। जैसे ही शिकायतकर्ता ने उमरी चौक के नजदीक कथित तौर पर 5 लाख रुपये सौंपे, ACB टीम ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया।आरोपी की वर्तमान तैनाती हरियाणा CID में थी और उसकी ड्यूटी यमुनानगर में बताई गई है। मामले में SV & ACB थाना अंबाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं 7 और 7A तथा BNS की धारा 308(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।ACB आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी में है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि कथित वसूली में अन्य लोग शामिल थे या नहीं और इससे पहले भी कितनी रकम ली गई।