summer express , पटियाला। शंभू थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप गाड़ी से 547 किलो संदिग्ध पनीर बरामद किया। जांच के दौरान पनीर की खेप से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया।
एएसआई बलविंदर सिंह के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर पिकअप गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली। वाहन में बड़ी मात्रा में पनीर लदा हुआ था। पूछताछ के दौरान चालक पनीर की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े बिल या अन्य पुख्ता रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गुरप्रीत कौर ने बताया कि चालक के अनुसार पनीर की यह खेप नरवाना की ओर से लाई जा रही थी। दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने और पनीर की गुणवत्ता को लेकर संदेह के चलते फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने पूरी खेप को सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
विभाग की ओर से पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, लैब रिपोर्ट आने के बाद पनीर की गुणवत्ता और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।