summer express , सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शिक्षा विभाग के दो अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जेई आशीष और एसडीओ विष्णु के रूप में हुई है। एसीबी के अनुसार दोनों अधिकारियों को 2.93 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। मामला सरकारी स्कूलों की इमारतों के निर्माण से जुड़े बकाया बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांगने से जुड़ा है।
शिकायत के अनुसार, भयापुर और बड़ौली स्थित सरकारी स्कूलों की बिल्डिंग निर्माण के बकाया बिलों को क्लीयर कराने के लिए दोनों अधिकारियों ने ठेकेदार से चार लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। ठेकेदार ने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई, लेकिन आरोप है कि अधिकारियों ने रिश्वत की मांग कम नहीं की। इसके बाद ठेकेदार ने एसीबी से संपर्क कर मामले की शिकायत की।
ठेकेदार ने एसीबी को अधिकारियों के साथ हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई। रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर रिश्वत की मांग से संबंधित बातचीत सामने आई। शिकायत के मुताबिक, चार लाख रुपये की कुल मांग में से आरोपी अधिकारी पहले ही ठेकेदार से 1.40 लाख रुपये ले चुके थे। शेष रकम के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और बिलों को लंबित रखा गया था।
ऑडियो रिकॉर्डिंग और शिकायत के आधार पर एसीबी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई। इसके तहत ठेकेदार को 2.93 लाख रुपये की रकम देकर आरोपियों के पास भेजा गया। दोनों अधिकारियों ने ठेकेदार को नेशनल हाईवे-334बी पर फतेहपुर के पास बुलाया था। जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत की रकम ली, पहले से तैनात एसीबी टीम ने दोनों को मौके पर पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम दोनों आरोपियों को सोनीपत स्थित कार्यालय ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में रोहतक स्थित राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है। एसीबी की ओर से मामले में आगे की जांच जारी है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1064 और 1800-180-2022 जारी किए गए हैं।