summer express , पंचकूला। शहर के तीन प्रमुख स्कूलों को वीरवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर विद्यार्थियों को घर भेज दिया और पुलिस को सूचना दी।
जिन स्कूलों को धमकी मिली, उनमें सेक्टर-15 स्थित न्यू इंडिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-14 स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल और सेक्टर-4 स्थित सतलुज पब्लिक स्कूल शामिल हैं। तीनों स्कूलों को एक ही तरह के ईमेल भेजे गए थे, जिसमें स्कूल परिसर में बम रखे होने का दावा किया गया था।
ईमेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने कक्षाएं खाली कराईं और अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को घर ले जाने के लिए कहा। सूचना मिलते ही पंचकूला पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीमों को भी स्कूलों में तैनात किया गया।
पुलिस ने तीनों स्कूल परिसरों को घेरकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कक्षाओं, स्टाफ रूम, लाइब्रेरी, शौचालय और खेल मैदान समेत स्कूल के विभिन्न हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भेजने वाले ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस ईमेल की तकनीकी जांच के साथ अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ समय में चंडीगढ़, पंचकूला और दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों, अदालतों तथा सरकारी कार्यालयों को इसी तरह की धमकियां मिलने के मामले सामने आए हैं। फिलहाल तीनों स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है।