summer express, नारनौल। महेंद्रगढ़ रोड पर गुरुवार सुबह बच्चों को स्कूल ले जा रही निजी स्कूल बस नूनी गांव के मोड़ के पास हादसे का शिकार हो गई। सीबीएम अस्पताल के नजदीक स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस ने पहले स्कूटी और फिर साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। बस में सवार बच्चों को कोई चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, महेंद्रगढ़ रोड स्थित सूरज स्कूल की बस गुरुवार सुबह बच्चों को लेने के लिए नूनी शेखपुरा की ओर जा रही थी। नूनी गांव के मोड़ से कुछ आगे सीबीएम अस्पताल के पास अचानक बस के सामने स्कूटी आ गई। चालक ने स्कूटी सवार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बस अनियंत्रित होकर स्कूटी से टकरा गई। इसके बाद बस पास से गुजर रहे साइकिल सवार से भी जा भिड़ी।
हादसे में साइकिल सवार बिहार निवासी करीब 35 वर्षीय अखिलेश दास गंभीर रूप से घायल हो गए। वह नसीबपुर में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करते हैं। वहीं, स्कूटी सवार नसीबपुर निवासी नीता कुमारी और अतर सिंह भी घायल हुए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को तत्काल सीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। सूचना मिलते ही महावीर चौक पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करवा दिया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
महावीर चौक पुलिस चौकी के सतीश कुमार ने बताया कि हादसे के समय बस में कम संख्या में बच्चे सवार थे और किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर स्कूल स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया था। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
आसपास के लोगों से पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।