summer express , अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला सदर थाना पुलिस ने चोरी के लाखों रुपये कीमत के जेवरात खरीदने के आरोप में एक ज्वेलर्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अंबाला छावनी स्थित श्रीकुंज बिहारी ज्वेलर्स के मालिक करण के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 15 से 20 लाख रुपये कीमत के सोने और डायमंड के जेवरात बरामद किए हैं। बरामद सामान में डायमंड का हार, दो अंगूठियां, डायमंड ब्रेसलेट समेत अन्य आभूषण शामिल हैं।
थाना सदर अंबाला कैंट प्रभारी धर्मवीर सैनी ने बताया कि तोपखाना माल रोड निवासी नरेश कुमार के घर में 9 सितंबर को चोरी हुई थी। चोर घर की अलमारी से 15 से 20 लाख रुपये के सोने के जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवरात उन्होंने अंबाला छावनी के श्रीकुंज बिहारी ज्वेलर्स के मालिक करण को बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने ज्वेलर्स की भूमिका की जांच करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ज्वेलर्स ने चोरी के जेवरात कम कीमत पर खरीदे थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ चोरी का सामान खरीदने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर चोरी किए गए अन्य सोने और चांदी के सामान के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। थाना प्रभारी ने चोरी का सामान खरीदने वाले अन्य ज्वेलर्स और कबाड़ियों को भी चेतावनी दी है कि चोरी की वस्तुएं खरीदने पर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।