श्राद्ध पक्ष के पहले दिन चिंतपूर्णी में उमड़ी भारी भीड़, ओल्ड बस स्टैंड तक लगी श्रद्धालुओं की कतार
Summer express/चिंतपूर्णी,विकास-:पितृपक्ष के पहले श्राद्ध के अवसर पर रविवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। रविवार का अवकाश होने के कारण सुबह से ही देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती रही। दोपहर तक हालात ऐसे हो गए कि मंदिर में दर्शन के लिए बनाई गई डबल लाइन ओल्ड बस स्टैंड तक पहुंच गई।माता की पवित्र पिंडी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं को करीब दो घंटे तक कतार में इंतजार करना पड़ा। तेज धूप और उमस के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मंदिर क्षेत्र और आसपास का वातावरण दिनभर भक्तिमय बना रहा।
अचानक बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या के कारण व्यवस्था संभालना प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैनात होमगार्ड जवानों और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाले रखा। ओल्ड बस स्टैंड से मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की कतार को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए गए।श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों को भीड़ की आवाजाही पर लगातार नजर रखनी पड़ी। जगह-जगह कतार को नियंत्रित कर लोगों को निर्धारित मार्ग से मंदिर की ओर भेजा गया।पितृपक्ष की शुरुआत और रविवार की छुट्टी के चलते चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक रही। देर शाम तक मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में भक्तों की आवाजाही बनी रही।