Summer express/मंडी/धर्मवीर-: चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों के बीच हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिक्रिया दी है। मंडी में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि इस तरह की बातें सामने आ रही हैं, तो निश्चित तौर पर कहीं न कहीं गलती हुई होगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों को गंभीरता से देखा जाना चाहिए।मुख्यमंत्री सुक्खू ने कंसाचौक में आयोजित कांग्रेस की रैली को ऐतिहासिक बताते हुए पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी समेत पार्टी कार्यकर्ताओं को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। रैली को आगामी चुनावों की तैयारियों से जोड़कर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके फैसले चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं होते। उन्होंने कहा कि वह जनता की अदालत पर विश्वास करते हैं और सरकार का उद्देश्य प्रदेश के लोगों के हित में लगातार काम करना है।
पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी के आगामी चुनाव में टिकट को लेकर पूछे गए सवाल पर भी मुख्यमंत्री ने कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की। उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर टिकट से जुड़े फैसले उचित समय पर लिए जाएंगे।सीएम सुक्खू ने कहा कि वह केवल पांच साल के लिए मुख्यमंत्री बनने के उद्देश्य से काम नहीं कर रहे हैं। उनका कहना था कि वह हर दिन जनता के हित में नए फैसले लेने का प्रयास करते हैं और सरकार की प्राथमिकता प्रदेश का विकास तथा आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित एमआरआई मशीन का शुभारंभ किया। इसके साथ ही करीब 2.29 करोड़ रुपये की लागत वाले टर्शियरी केयर कैंसर सेंटर, लिनैक और सीटी सिम्युलेटर मशीन की सुविधा भी शुरू की गई।मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज परिसर में 51 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पीईटी स्कैन ब्लॉक की आधारशिला भी रखी। इस दौरान उन्होंने फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों के साथ संवाद किया।सीएम सुक्खू ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य प्रदेश सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन दोनों क्षेत्रों में सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा, ताकि प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।